Thu, 04 Jun 2026
Post Details

मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता! CM मान की फेक वीडियो डालने वाले की धमकी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का फर्जी वीडियो साझा करने वाले जगमन समरा ने कनाडा से एक और वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उसने पुलिस और कानून व्यवस्था को सीधे चुनौती दी है। समरा ने दावा किया है कि वह कनाडा का नागरिक है और उसका कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता।

जगमन समरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नई वीडियो शेयर की है, जिसमें उसने लिखा है कि पुलिस उसके गाँव वालों और रिश्तेदारों को परेशान कर रही है। उसने सवाल किया, "क्या वह आतंकी हैं, उनका जुर्म क्या है? वीडियो मैंने रिलीज़ की है, उनका क्या कसूर है? आप इसकी जाँच करवा लो। मेरा कोई कुछ भी नहीं बिगाड़ सकता है।"

मैं इंडिया जेल तोड़कर आया हूँ

समरा ने वीडियो में आगे कहा कि वह इंडिया से जेल तोड़कर आया है। उसने दावा किया कि उसके खिलाफ 3-4 मामले दर्ज हैं और वह पिछले 20 साल से कनाडा का नागरिक है। उसने कनाडा के नागरिक होने का हवाला देते हुए कहा कि कनाडा सरकार अपने नागरिकों को, चाहे उन्हें फाँसी की सज़ा ही क्यों न हुई हो, जमानत पर रिहा करवा लेती है और उसे भारत को नहीं सौंपेगी।

जगमन समरा ने दावा किया कि किसी की सुपुर्दगी (Extradition) तभी होती है जब उसने सरकार के खिलाफ कोई बड़ा अपराध किया हो या किसी की हत्या की हो। उसने कहा कि महज़ एक वीडियो के कारण उसकी सुपुर्दगी भारत को नहीं की जाएगी। साथ ही, उसने एक फोटो दिखाते हुए चुनौती दी कि कोई भी एआई (AI) से चेक करवा ले कि वह असली है या नकली।

फेसबुक से कंटेंट हटाने के बाद इंस्टाग्राम का सहारा

जगमग समरा ने 20 अक्टूबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से सीएम मान को लेकर दो फर्जी पोस्ट शेयर किए थे। पुलिस जाँच में पता चला था कि ये पोस्ट विदेश से किए गए थे। सीएम मान की फेक वीडियो को लेकर कोर्ट ने फेसबुक और गूगल को नोटिस भेजा था, जिसके बाद फेसबुक ने आपत्तिजनक कंटेंट हटा दिया था। अब जगमन समरा इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर वीडियो शेयर कर रहा है।

Views: 92

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 164662