Wed, 03 Jun 2026
Post Details

ड्राइविंग में लापरवाही पड़ी भारी, कनाडा में पंजाबी युवक ने मां-बेटे को कुचला

कनाडा से एक बेहद चौंकाने वाले मामले में पंजाबी युवक की लापरवाही ने दो जिंदगियां छीन लीं। 29 वर्षीय बलजीत सिंह ने ट्रक चलाते समय ध्यान भटकने के कारण एक कार को टक्कर मार दी, जिसमें सवार मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

2022 में हुआ था दर्दनाक हादसा
यह हादसा 19 जुलाई 2022 की रात क्यूबेक के ब्रॉसार्ड इलाके में हाईवे-30 पर हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के अगले दिन आरोपी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद तुरंत फ्लाइट लेकर पंजाब लौट आया था।

फरार होकर पंजाब और फिर अमेरिका पहुंचा आरोपी
काफी समय तक पंजाब में रहने के बाद बलजीत सिंह अमेरिका के कैलिफोर्निया चला गया। इस बीच 2023 में उसके खिलाफ इंटरनेशनल वारंट जारी किया गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया। लंबी तलाश के बाद 21 अगस्त 2025 को अमेरिकी पुलिस ने उसे कैलिफोर्निया से गिरफ्तार कर लिया। बाद में सितंबर 2025 में उसे कनाडा पुलिस के हवाले कर दिया गया।

ड्राइविंग के दौरान खेल रहा था लूडो
जांच के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि वह ट्रक चलाते समय मोबाइल पर लूडो खेल रहा था। इसी वजह से उसका ध्यान सड़क से हट गया और यह हादसा हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि उसने स्वीकार किया कि वह पहले भी 18 बार ऐसा कर चुका था।

डैशकैम फुटेज बनी अहम सबूत
पुलिस ने ट्रक की डैशकैम फुटेज भी कब्जे में ली है, जिसमें आरोपी ड्राइविंग के दौरान गेम खेलते हुए नजर आ रहा है। यह फुटेज कोर्ट में अहम सबूत साबित हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को कोर्ट से उम्रकैद की सजा हो सकती है। फिलहाल केस की सुनवाई जारी है।

Views: 27

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 164651