Wed, 17 Jun 2026
Post Details

पुरानी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग, 24 साल के सिमरनजीत की मौत

जालंधर में अस्पताल जा रहे दो युवकों पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में 24 वर्षीय सिमरनजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका साथी राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

एक दिन पहले शुरू हुआ था विवाद
घायल राजवीर के अनुसार, पूरा विवाद 11 जून को शुरू हुआ था। वह और सिमरनजीत भटूरे खाने गए थे, जहां गुल्लू और उसके साथियों ने उन पर हमला कर दिया था। इस हमले में सिमरनजीत घायल हो गया था। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन आरोप है कि कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

अस्पताल जाते समय घेरकर बरसाईं गोलियां
बताया जा रहा है कि अगले दिन राजवीर और सिमरनजीत इलाज के लिए अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान गुल्लू और उसके साथी पहले से घात लगाकर बैठे थे। आरोपियों ने दोनों युवकों को रास्ते में रोक लिया और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में सबसे पहले सिमरनजीत सिंह को गोली लगी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हमले में दूसरा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सिमरनजीत की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी ईशा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में सिमरनजीत ही एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे पत्नी और डेढ़ साल का बेटा है। दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। भार्गव कैंप थाना प्रभारी ने बताया कि 5 से 7 हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया है। कुछ आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Views: 10

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 167471