Mon, 15 Jun 2026
Post Details

‘जरूरत पड़ी तो कोर्ट जाऊंगा’, SC कमीशन को लेकर वड़िंग का बड़ा बयान

पंजाब कांग्रेस के प्रधान और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब राज्य एससी कमीशन द्वारा तलब किए जाने पर पेश होने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह कमीशन के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी के सामने किसी भी सूरत में पेश नहीं होंगे और जरूरत पड़ने पर सीधे अदालत का रुख करेंगे।

‘25 हजार बार कह चुका हूं, पेश नहीं होऊंगा’
मीडिया से बातचीत के दौरान राजा वड़िंग ने कहा कि वह कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि जसबीर सिंह गढ़ी के सामने पेश नहीं होंगे। उन्होंने कहा, “मैं 25 हजार बार कह चुका हूं कि मैं गढ़ी के सामने पेश नहीं होऊंगा। उन्हें जो करना है, कर लें। अगर मुझे जरूरत पड़ी तो मैं सीधे अदालत के सामने पेश हो जाऊंगा।”

चेयरमैन पर अधिकारों के दुरुपयोग का आरोप
राजा वड़िंग ने एससी कमीशन के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी पर अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह संवैधानिक संस्थाओं और पदों का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन गढ़ी स्वतंत्र रूप से कार्य करने के बजाय मौजूदा सरकार के प्रतिनिधि की तरह काम कर रहे हैं।

कार्यवाही की वीडियो लीक करने का लगाया आरोप
वड़िंग ने आरोप लगाया कि कमीशन की कार्यवाही से जुड़ी वीडियो जानबूझकर लीक की जाती हैं ताकि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई निष्पक्ष जांच प्रक्रिया के खिलाफ है और इससे संस्थागत गरिमा भी प्रभावित होती है।

अदालत की टिप्पणियों का भी किया जिक्र
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जसबीर सिंह गढ़ी की कार्यप्रणाली को लेकर अदालतें भी पहले कई बार सख्त टिप्पणियां कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को राजनीतिक दृष्टिकोण से देखा जा रहा है और वह अपने अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी रास्ता अपनाने को तैयार हैं।

Views: 5

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 167201