Sun, 21 Jun 2026
Post Details

जालंधर-अमृतसर हाईवे पर चलती कार में लगी आग, पूरी तरह जलकर हुई राख

जालंधर-अमृतसर हाईवे स्थित ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाईओवर पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए और किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।

अस्पताल जा रहे थे परिवार के सदस्य
जानकारी के अनुसार कार मालिक मलकीत सिंह, जो आदमपुर के गांव तलवंडी रईया के निवासी हैं, अपने परिवार के साथ जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने पिता से मिलने जा रहे थे। जब वे जालंधर-अमृतसर हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो कार से धुआं और आग निकलनी शुरू हो गई।

राहगीरों ने दी आग लगने की सूचना
बताया जा रहा है कि पास से गुजर रहे लोगों ने कार चालक को आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने तुरंत वाहन रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर, सड़क सुरक्षा फोर्स और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। थाना-8 के जांच अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से कार में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार अस्पताल जा रहा था, तभी रास्ते में कार में अचानक आग लग गई। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Views: 9

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 168472