Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर रेलवे स्टेशन पर जमकर हुआ बवाल, तलवारें लेकर पहुंचे निहंग, देखो Video

जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर बीते दिन एक बड़ा हंगामा हो गया। जम्मूतवी एक्सप्रेस (19225) के एसी कोच में निहंग बाणें में आए युवक बार-बार चढ़ और उतर रहे थे। इस पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों को संदेह हुआ और उन्होंने युवकों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान युवक उल्टा अपशब्द बोलने लगे और आक्रामक रवैया अपनाते हुए हाथापाई पर उतर आए।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश कुमार रोहिला ने जब युवकों से टिकट दिखाने के लिए कहा तो वे लगातार बहसबाजी करते रहे और गाली-गलौज करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर अन्य आरपीएफ कर्मचारी भी पहुंचे और दो युवकों को पकड़कर आरपीएफ पोस्ट ले आए।


लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। थोड़ी ही देर बाद करीब 8–10 युवक, जो पगड़ीधारी थे और जिनके हाथों में तलवारें व अन्य हथियार थे, तेजी से आरपीएफ पोस्ट की ओर दौड़े। हथियारबंद युवकों को स्टेशन पर दौड़ता देख यात्रियों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हथियारबंद युवक आते ही आरपीएफ पोस्ट के गेट पर वार करने लगे और वहां लगे शीशे चकनाचूर कर दिए। पूरा घटनाक्रम स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। लगभग दस मिनट तक हंगामा करने के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी तत्काल रेलवे बोर्ड, फिरोजपुर मंडल और जीआरपी तक पहुंचा दी गई थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आरपीएफ इंचार्ज राजेश कुमार रोहिला ने बताया कि वे टीम के साथ स्टेशन पर राउंड पर थे।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186621