Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर वासियों को मिलेगी बड़ी राहत, जल्द खुलने वाला है यह फाटक

 

जालंधर के पॉश इलाके अर्बन एस्टेट फेस-1 और फेस-2 के निवासियों को भारी बारिश के समय अंडरपास में पानी भरने से हो रही परेशानियों से जल्द राहत मिलने जा रही है। कुछ दिन पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्वनी वैश्नव से मुलाकात की थी और सी-7 फाटक को दोबारा खोलने की मांग की थी। मंत्री अश्वनी वैश्नव ने इस मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए फाटक का निरीक्षण करने के आदेश जारी किए थे।

रेलवे विभाग ने किया फाटक का जायजा, 
रेलवे अधिकारियों ने फाटक का निरीक्षण किया है और बताया जा रहा है कि जल्द ही फाटक को दोबारा खोलने के लिए आधिकारिक पत्र जारी कर दिया जाएगा। इससे अर्बन एस्टेट के लोगों को आने-जाने में हो रही बड़ी परेशानी से छुटकारा मिलेगा। सांसद सुशील रिंकू ने कहा कि यह कदम क्षेत्रवासियों की बड़ी मांग थी और केंद्रीय मंत्री ने पूरी संवेदनशीलता से इस मुद्दे को हल कर दिया है।

अंडरपास को कवर और शेड डालने की तैयारी
सुशील रिंकू ने आगे बताया कि अंडरपास में पानी भरने की समस्या को लेकर रेलवे विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वह अंडरपास को कवर करने और शेड डालने का काम पूरा करें। इसके साथ ही लोकल प्रशासन से सड़कों में पानी भरने की समस्या का समाधान करने की भी अपील की गई है। रिंकू ने कहा कि वे खुद जल्द लोकल प्रशासन से इस मुद्दे पर बैठक करेंगे ताकि समस्या का स्थायी हल निकाला जा सके।

पंजाब में बाढ़ राहत कार्य भी जारी
सांसद सुशील रिंकू ने यह भी बताया कि इस बार बरसात उम्मीद से अधिक हुई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। धार्मिक स्थल, एनआरआई, पंजाबी गायकों और संस्थाओं द्वारा भी बाढ़ पीड़ितों की मदद की जा रही है। भाजपा सरकार की ओर से अन्य राज्यों में जाकर भी राहत कार्य किए जा रहे हैं। जरूरतमंदों तक जरूरी सामान पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
 

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186690