Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर के कारपेंटर छिंदर पाल बने करोड़पति शो के सितारे मेहनत, जुनून और पत्नी का साथ बना सफलता की चाबी

जालंधर: टीवी के लोकप्रिय शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ के ताज़ा एपिसोड में जालंधर के छोटे से गांव हैसेनपुर (लांबड़ा के पास) के रहने वाले छिंदर पाल ने अपने ज्ञान और समझदारी से सबको चौंका दिया। एक साधारण कारपेंटर, जो रोज़ाना 600 रुपये की दिहाड़ी पर काम करता है, ने हॉट सीट पर बैठकर 50 लाख रुपये जीत लिए।

छिंदर पाल एक करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंचे, हालांकि उसका जवाब नहीं दे पाए। लेकिन उनकी जीत ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया।

सफलता का राज – पत्नी का साथ

शो के दौरान जब अमिताभ बच्चन ने छिंदर पाल से उनकी सफलता का राज पूछा, तो वे भावुक हो गए और बोले, “मेरी पत्नी ने शादी के बाद मेरा जीवन बदल दिया। आज मैं जो कुछ भी हूं, उसी की वजह से हूं।”

अमिताभ बच्चन ने भी उनकी पत्नी की सराहना करते हुए तालियां बजाईं।

संघर्ष की कहानी – बोतलों से ऑडिशन तक

छिंदर पाल का सफर आसान नहीं था।

  • वह 12वीं पास हैं और लंबे समय से परिवार के साथ केबीसी देखते आए।
  • 2020 से उन्होंने तय कर लिया था कि एक दिन शो तक ज़रूर पहुंचेंगे।
  • 2021 में जब कोल्ड ड्रिंक की बोतलों पर केबीसी के कोड आते थे, तो वह रोज़ चार-पांच बोतलें खरीदते और कोड स्कैन करते। यहां तक कि सड़क से खाली बोतलें उठाकर भी स्कैन किया करते थे।
  • काम से फुर्सत के वक्त वह यूट्यूब पर खान सर की वीडियो देखकर पढ़ाई करते और भूगोल-इतिहास की जानकारी जुटाते।

 

ऑडिशन तक पहुंचने का सफर

लंबे इंतज़ार के बाद 31 मई 2025 को उन्हें केबीसी ऑडिशन का कॉल आया। लेकिन टिकट न मिलने की वजह से दिक्कत खड़ी हो गई।

  • उन्होंने दोस्त से 15 हज़ार रुपये उधार लेकर फ्लाइट की टिकट खरीदी और मुंबई पहुंचे।
  • ऑडिशन में 20 सवाल पूछे गए, जिनमें से उन्होंने 19 सही दिए और सबको प्रभावित कर दिया।
  • इसके बाद 20 जून को उन्हें शो में शामिल होने का कॉल आया और उनकी जिंदगी बदल गई।

छिंदर पाल ने कहा कि वे इस इनाम की राशि से

  • अपने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को सुरक्षित करेंगे।
  • अपने कारपेंटर के काम को और आगे बढ़ाएंगे।

40 वर्षीय छिंदर पाल की यह जीत इस बात का सबूत है कि जुनून और मेहनत से सपने पूरे किए जा सकते हैं, चाहे रास्ता कितना भी कठिन क्यों न हो।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186715