Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जयपुर में मौत का तांडव : बेकाबू डंपर ने रौंदीं 17 गाड़ियां, 13 की दर्दनाक मौत

राजस्थान की  राजधानी जयपुर में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार डंपर ने भयंकर तबाही मचा दी। बेकाबू डंपर ने एक के बाद एक 17 गाड़ियों को बुरी तरह टक्कर मार दी, जिससे एक भीषण हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई मृतकों के शरीर टुकड़ों में बंट गए, किसी का हाथ कट गया तो किसी का पैर।

लोहा मंडी में हुआ भीषण हादसा, ड्राइवर नशे में गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, यह भीषण हादसा सोमवार दोपहर करीब 1 बजे हरमाड़ा के लोहा मंडी इलाके में हुआ। डंपर लोहा मंडी पेट्रोल पंप की तरफ से रोड नंबर-14 के रास्ते हाईवे पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी उसने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही व खड़ी गाड़ियों को रौंदना शुरू कर दिया।

हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने डंपर के ड्राइवर कल्याण मीणा को मौके से पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर नशे की हालत में था। विराटनगर का रहने वाला यह ड्राइवर फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

गंभीर घायलों का SMS ट्रॉमा सेंटर में इलाज
एडिशनल डीसीपी नॉर्थ, बजरंग सिंह शेखावत ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों के शवों को अलग-अलग अस्पतालों के मॉर्च्युरी में रखवाया गया है:

SMS हॉस्पिटल: 7 शव

कांवटिया हॉस्पिटल: 4 शव

CKS हॉस्पिटल: 1 शव

हादसे में घायल हुए 10 लोगों में से 6 की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें तुरंत एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

साइड में खड़ी गाड़ी को मारी टक्कर: चश्मदीद का दर्द
हादसे में घायल हुए आगरा निवासी नानजी भाई ने बताया कि वह अपने परिवार (भाई, दो महिलाएं और एक बच्चे) के साथ खाटूश्यामजी जा रहे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी साइड में खड़ी कर रखी थी, तभी पीछे से आए डंपर ने उनकी गाड़ी को बुरी तरह से टक्कर मार दी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186882