Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर में विधायक के रिश्तेदार के घर लगी आग, 30 साल की युवती की मौत

जालंधर के विजय नगर इलाके में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक घर में आग लगने से 30 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान रूबिका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, जिस कारण आग लगने के दौरान वह समय रहते अपने कमरे से बाहर नहीं निकल सकी और झुलसने से उसकी जान चली गई। जिस घर में यह हादसा हुआ, वह कांग्रेसी विधायक बिक्रम चौधरी के रिश्तेदारों का बताया जा रहा है।

शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, पीवीसी शीट बनी वजह
जांच में सामने आया है कि घर में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। कमरे की दीवारों पर लगी पीवीसी शीटों ने आग को तेजी से फैलने में मदद की, जिससे कुछ ही पलों में पूरा कमरा आग की चपेट में आ गया। पीवीसी के जलने से निकले जहरीले धुएं और तेज लपटों ने हालात और भयावह बना दिए, जिससे कमरे में फंसी रूबिका के लिए बाहर निकलना असंभव हो गया।

आग लगने के वक्त कमरे में बेड पर थी रूबिका
बताया गया कि आग लगने के समय रूबिका अपने कमरे में बेड पर लेटी हुई थी। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह खतरे को भांपने के बावजूद न तो शोर मचा सकी और न ही समय रहते खुद को बचाने के लिए बाहर निकल पाई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसे संभलने का मौका भी नहीं मिला और वह लपटों में फंस गई। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर थाना चार की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। थाना चार के इंचार्ज अनु ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186816