Thu, 30 Jul 2026
Post Details

BREAKING : जालंधर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, एक को लगी गोली, दो दबोचे

जालंधर के शाहकोट क्षेत्र में सोहल जागीर गांव के पास पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर हुआ है। इस मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अंग्रेज सिंह और करणवीर के रूप में हुई है, जो तरनतारन जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

आरोपियों से हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस का खोल और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहे थे।

11 जनवरी की गोलीबारी मामले से जुड़ा एनकाउंटर
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि 11 जनवरी को सोहल जागीर गांव में सुखचैन सिंह के घर पर फायरिंग की गई थी। इस संबंध में शाहकोट थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गोलीबारी में शामिल दोनों आरोपी हथियारों के साथ सोहल जागीर के आसपास मौजूद हैं और किसी अन्य आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
एसएसपी ने बताया कि सूचना के आधार पर इलाके में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने की बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी करणवीर के पेट में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं दूसरे आरोपी अंग्रेज सिंह को पुलिस ने मौके पर ही काबू कर लिया।

विदेश से रची गई थी गोलीबारी की साजिश
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सोहल जागीर में हुई गोलीबारी की घटना किसी विदेशी साजिश का हिस्सा थी। एसएसपी के अनुसार मुख्य साजिशकर्ता बलवंत सिंह उर्फ बंत है, जो अमेरिका में रह रहा है और शिकायतकर्ता का मामा भाई बताया जा रहा है। बलवंत सिंह ने फिलीपींस में रह रहे चरणजीत सिंह उर्फ चन्ना से संपर्क किया था। इन्हीं के निर्देशों पर अंग्रेज सिंह और करणवीर को गोलीबारी के लिए इस्तेमाल किया गया। विदेश में बैठे आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच गंभीरता से जारी है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186884