Thu, 30 Jul 2026
Post Details

बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर चली गोलियां

मुंबई के जुहू इलाके में रहने वाले मशहूर बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर शनिवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने उनके घर के बाहर चार राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है।

रात करीब साढ़े तीन बजे हुई फायरिंग
मुंबई पुलिस के मुताबिक यह फायरिंग शनिवार रात करीब 3:30 बजे हुई। हमलावरों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर चार राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद जुहू इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और रोहित शेट्टी के घर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

हमले के पीछे की वजह अभी साफ नहीं
पुलिस का कहना है कि फिलहाल हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है। अब तक किसी भी गैंग या संगठन ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

सेलेब्रिटी इलाका होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
रोहित शेट्टी का घर जुहू के जिस इलाके में स्थित है, वहां बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के आवास हैं। ऐसे में इस फायरिंग की घटना को सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर माना जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह किसी धमकी या फिरौती से जुड़ा मामला तो नहीं है।

बॉलीवुड को कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुके हैं रोहित शेट्टी
रोहित शेट्टी बॉलीवुड के सबसे सफल निर्देशकों में गिने जाते हैं। उन्होंने अजय देवगन के साथ जमीन, गोलमाल सीरीज और सिंघम जैसी सुपरहिट फिल्में बनाई हैं। इसके अलावा शाहरुख खान के साथ चेन्नई एक्सप्रेस और दिलवाले, रणवीर सिंह के साथ सिंबा और अक्षय कुमार के साथ सूर्यवंशी जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186571