Thu, 30 Jul 2026
Post Details

सड़क पर कब्जा जमाए लोगों पर चला प्रशासन का डंडा, लतीफपुरा के सभी रास्ते सील

जालंधर के लतीफपुरा में मंगलवार तड़के नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू की। दिसंबर 2022 में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट द्वारा गिराए गए अवैध निर्माणों के बाद से स्थानीय लोग सड़क पर पक्के मोर्चे लगा कर बैठे थे। हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन ने आज सुबह पूरे इलाके को सील कर अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

तड़के सुबह छावनी में बदला लतीफपुरा
कार्रवाई को अंजाम देने के लिए मंगलवार सुबह सूरज निकलने से पहले ही 100 से अधिक पुलिस कर्मी और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं। किसी भी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

चारों रास्तों पर बैरिकेडिंग, बाहरी लोगों की एंट्री बंद
प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से लतीफपुरा की ओर आने वाले सभी चारों मुख्य रास्तों को बैरिकेड लगाकर पूरी तरह सील कर दिया है। किसी भी बाहरी व्यक्ति या प्रदर्शनकारी को इलाके के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। मौके पर तैनात अधिकारियों का कहना है कि यह कदम शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

हाईकोर्ट के आदेश पर बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि दिसंबर 2022 में डिमोलिशन ड्राइव के बाद से लोग सड़क पर कब्जा करके विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। यह मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पहुंचा था। कोर्ट ने वर्तमान स्थिति और सड़क पर अवैध कब्जे को देखते हुए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए थे कि इन कब्जों को तुरंत खाली करवाया जाए। उसी आदेश की पालना में आज नगर निगम की टीम सड़क पर बैठे लोगों को वहां से हटा रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186779