Thu, 30 Jul 2026
Post Details

BREAKING : फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मौके पर पहुंची पुलिस, इलाके की घेराबंदी

राजधानी दिल्ली के शिक्षण संस्थानों पर एक बार फिर खतरों के बादल मंडरा रहे हैं। आज सुबह दिल्ली के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते (BDT) की टीमें हरकत में आईं और प्रभावित स्कूलों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

सुबह 9:13 बजे आई पहली कॉल
जानकारी के अनुसार, धमकी भरी कॉल्स का सिलसिला सुबह 9:13 बजे शुरू हुआ, जब झंडेवालान स्थित BD तमिल एजुकेशन स्कूल को पहला फोन आया। इसके बाद झंडेवाला के ही बीटी तमिल स्कूल, एसपीवी (SPV) स्कूल और चाणक्यपुरी स्थित ब्रिटिश स्कूल को भी निशाना बनाया गया। एहतियात के तौर पर स्कूलों को तुरंत खाली करवा लिया गया और डॉग स्क्वॉड की मदद से कक्षाओं से लेकर पार्किंग तक की बारीकी से जांच की जा रही है।

सोमवार को भी 9 स्कूलों को मिले थे धमकी भरे ईमेल
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से स्कूलों को डराने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इससे पहले सोमवार सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच भी दिल्ली के 9 प्रमुख स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। सोमवार को एयर फोर्स स्कूल (लोदी रोड), केआर मंगलम, द इंडियन स्कूल (सादिक नगर), और बाल भारती (रोहिणी) जैसे स्कूलों में भी ऐसी ही अफरा-तफरी देखी गई थी। हालांकि, पिछली जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।

जांच एजेंसियों की 'सोर्स' पर नजर
दिल्ली पुलिस के साइबर सेल और स्थानीय अधिकारी इन धमकी भरे ईमेल और कॉल्स के स्रोत (Source) का पता लगाने में जुटे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश। फिलहाल सभी स्कूलों के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अभिभावकों को घबराने की जगह धैर्य रखने की अपील की गई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 187222