दो इकलौते बेटों की मौत से मातम, पटियाला में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ धरने पर बैठे ग्रामीण
कनाडा के टोरंटो में अमृतसर की रहने वाली 26 वर्षीय नवनीत कौर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। नवनीत के पिता हरभजन सिंह ने दावा किया कि उनकी बेटी लंबे समय से एकतरफा प्यार के चलते कथित तौर पर परेशान की जा रही थी। इस संबंध में कनाडा पुलिस को पहले ही शिकायत दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उसे पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल सकी।
स्टडी वीजा पर गई थी कनाडा, बैंक में कर रही थी नौकरी
परिवार के अनुसार नवनीत करीब 5 साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे वर्क परमिट मिला और बाद में स्थायी निवास (PR) भी हासिल हो गया। वह टोरंटो में एक बैंक में नौकरी कर रही थी। करीब एक महीने पहले वह परिवार से मिलने अमृतसर आई थी और 29 जून को वापस कनाडा लौट गई।
एकतरफा प्यार में परेशान करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि कोटकपूरा निवासी शरणजीत नाम का युवक पिछले कई महीनों से नवनीत का पीछा कर रहा था। वह लगातार फोन करता, बैंक तक पहुंच जाता और उसे कथित तौर पर परेशान करता था। इससे तंग आकर नवनीत ने कनाडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया था और मामला अदालत में विचाराधीन था। इसके बाद नवनीत ने अपना मोबाइल नंबर और रहने का पता भी बदल लिया था, लेकिन आरोपी कथित रूप से फिर भी उस तक पहुंच गया।
वीडियो कॉल पर भाई से हुई आखिरी बातचीत
परिवार के मुताबिक घटना वाले दिन सुबह करीब 7:30 बजे नवनीत बैंक जाने के लिए बस स्टॉप पर खड़ी थी और अपने भाई से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसने कहा, "शरण आ गया है" और पूछा कि वह वहां क्यों आया है। इसके कुछ ही क्षण बाद कॉल अचानक कट गई। बाद में परिवार को उसकी हत्या की सूचना मिली, जिससे पूरे परिवार में मातम छा गया।
परिवार ने कनाडा और भारत सरकार से की कार्रवाई की मांग
नवनीत के परिजनों ने सवाल उठाया कि जब आरोपी के खिलाफ पहले से पुलिस शिकायत और अदालत में मामला चल रहा था, तो वह खुलेआम कैसे घूम रहा था और उसके पास हथियार कैसे पहुंचा। परिवार ने कनाडा सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है। साथ ही भारत सरकार से नवनीत का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने में मदद करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की है।





Comments
No comments yet.