Thu, 30 Jul 2026
Post Details

पंजाब में AAP MLA पप्पी पराशर की सुरक्षा में अचानक इजाफा, अब बुलेट प्रूफ गाड़ियों के साये में चलेंगे विधायक

लुधियाना सेंट्रल से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अशोक पराशर उर्फ पप्पी पराशर की सुरक्षा में भारी इजाफा किया गया है। प्रशासन की ओर से मिले इनपुट के बाद विधायक ने अब बुलेट प्रूफ कार का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। इसके साथ ही उनके सुरक्षा घेरे को इतना सख्त कर दिया गया है कि बिना गहन जांच के किसी भी व्यक्ति को उनके पास फटकने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

प्रशासन ने जारी किया 'हाई अलर्ट'
विधायक पप्पी पराशर ने सुरक्षा बढ़ाए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें प्रशासन की ओर से सतर्क रहने के निर्देश मिले हैं। उन्होंने कहा, "पुलिस प्रशासन ने मुझे हर समय सुरक्षा घेरे में रहने और चुस्त-दुरुस्त रहने की सलाह दी है। मेरी सुरक्षा में जो भी बदलाव किए गए हैं, वह विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा हैं और पुलिस अधिकारी ही इस पर विस्तार से बता पाएंगे।"

"डरने वाले नहीं, हम शहीदों के परिवार से हैं"
किसी विशेष धमकी (Threat) के सवाल पर विधायक ने बेबाकी से कहा कि वह डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, "यह गुरुओं की धरती है और मैं केवल भगवान से डरता हूँ। जब पंजाब में काला दौर (आतंकवाद) था, तब मेरे भाइयों ने देश के लिए बलिदान दिया था। मैंने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है, बल्कि पुलिस ने इनपुट्स के आधार पर खुद सुरक्षा बढ़ाई है।"

भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचने की सलाह
पुलिस विभाग ने विधायक को विशेष हिदायत दी है कि वे ज्यादा भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज करें। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि विधायक जिस भी क्षेत्र का दौरा करेंगे, उन्हें वहां के संबंधित थाना प्रभारी (SHO) को पहले ही सूचित करना होगा ताकि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा सकें।
 

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186882