Tue, 16 Jun 2026
Post Details

मान सरकार का बड़ा ऐलान, बिजली बिल में मिलेगी सीधी राहत

पंजाब में भगवंत मान सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बिजली दरों में कटौती का ऐलान किया है। नए टैरिफ के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में अधिकतम 1.5 रुपये प्रति यूनिट तक की कमी की गई है। सरकार के इस फैसले से लाखों उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।

घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को राहत
नए बिजली टैरिफ के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 1.5 रुपये प्रति यूनिट तक की कटौती की गई है। वहीं व्यावसायिक दुकानों और यूनिटों के लिए बिजली दरों में 79 पैसे प्रति यूनिट तक की कमी की गई है। इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों को भी राहत देते हुए बिजली दरों में 74 पैसे प्रति यूनिट तक की कटौती की गई है। इससे व्यापारियों और उद्योगों को भी बिजली बिल में राहत मिलेगी।

EV चार्जिंग स्टेशनों के लिए भी घटाई दरें
सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशनों के लिए बिजली दरों में भी बड़ी कटौती की है। अब ईवी चार्जिंग स्टेशनों के लिए बिजली की दर घटाकर 5 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है। बताया जा रहा है कि यह देश की सबसे कम दरों में से एक है।

PSPCL पहली बार बनी मुनाफे में कंपनी
नए टैरिफ आदेश में यह भी बताया गया है कि भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) पहली बार एक कुशल और मुनाफा कमाने वाली कंपनी बनी है। PSPCL को A+ रेटिंग मिली है और वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी ने 2634 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है। इसे राज्य सरकार की नीतियों और सुधारों का परिणाम बताया जा रहा है।

Views: 28

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 167346