BREAKING : असम में वायुसेना स्टेशन पर बड़ा हादसा, लैंडिंग के वक्त क्रैश हुआ सैन्य विमान
जालंधर महानगर में एक बार फिर धमकी भरे ई-मेल से हड़कंप मच गया है। शहर के कई नामी स्कूलों के साथ-साथ पंजाब विधानसभा और दिल्ली जाने वाली ट्रेन को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस ई-मेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्कूलों को 1:11 बजे उड़ाने की धमकी
मिली जानकारी के मुताबिक जालंधर के एपीजे स्कूल और डीपीएस सहित अन्य स्कूलों को धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है। ई-मेल में दावा किया गया है कि दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर स्कूलों को बम से उड़ाया जाएगा। इस सूचना के बाद स्कूल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

असेंबली और दिल्ली ट्रेन का भी जिक्र
धमकी भरे ई-मेल में पंजाब विधानसभा को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ई-मेल में लिखा गया है कि 2 बजकर 11 मिनट पर असेंबली को उड़ाया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन को भी सुबह 9 बजकर 11 मिनट पर निशाना बनाने का जिक्र किया गया है। इस कारण सुरक्षा एजेंसियों ने रेलवे और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी है।
सीएम भगवंत मान को भी दी धमकी
ई-मेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी धमकी दी गई है। संदेश में लिखा गया है कि “सीएम मान निशाने पर हैं।” इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
खालिस्तान के नाम से भेजा गया ई-मेल
बताया जा रहा है कि यह धमकी भरा ई-मेल ‘पंजाब उल खालिस्तान’ नाम से भेजा गया है। ई-मेल में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को हटाने की धमकी भी दी गई है। साथ ही संदेश में यह भी लिखा गया है कि सिखों के दुश्मनों को मारा जाएगा और खालिस्तान रेफरेंडम के जरिए पंजाब को भारत से आजाद कराया जाएगा।
प्रशासन और पुलिस अलर्ट
धमकी भरा ई-मेल सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। स्कूलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Comments & Discussions
Be the first to comment on this article!