Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर में कांग्रेस पार्षद बुरे फंसे! मारपीट करने के आरोप में FIR दर्ज

जालंधर के वार्ड नंबर 84 से कांग्रेस पार्षद नीरज जस्सल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने पार्षद के खिलाफ अपने पुराने चुनावी प्रतिद्वंद्वी पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पीड़ित पुनीश उर्फ हनी विरदी द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 7 मार्च की रात को हुई। आरोप है कि पार्षद ने विवाद के दौरान अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर सरेआम हवा में लहराई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। चुनावी रंजिश के चलते हुई इस बहस ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।

रिवॉल्वर की बट से किया हमला
पीड़ित पुनीश विरदी ने पुलिस को बताया कि बहस के दौरान पार्षद नीरज जस्सल ने अपना आपा खो दिया और रिवॉल्वर की बट से कई वार किए। हमले में पुनीश के माथे और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान हालत में पीड़ित को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका ईलाज चल रहा है।

पुलिस की छापेमारी और पार्षद की फरारी
जालंधर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पार्षद नीरज जस्सल के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी पार्षद की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपी पार्षद फरार चल रहा है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186767