Fri, 05 Jun 2026
Post Details

पाकिस्तान में जनता के आक्रोश के आगे झुकी सरकार, पेट्रोल की कीमतों में 80 रुपये की भारी कटौती

पाकिस्तान सरकार ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों और आम जनता के भारी आक्रोश के सामने झुकते हुए पेट्रोल की कीमतों में बड़ी कटौती का ऐलान किया है। सरकार के ताजा फैसले के मुताबिक पेट्रोल के दामों में 80 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है। इस बड़ी राहत के बाद अब पाकिस्तान में पेट्रोल की नई कीमत 378 रुपये प्रति लीटर तय की गई है। गौरतलब है कि आर्थिक बदहाली से जूझ रहे देश में तेल की कीमतों को लेकर जनता सड़कों पर उतर आई थी, जिसके दबाव में आकर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को यह फैसला लेना पड़ा है।

पिछले दिन की भारी बढ़ोतरी से मचा था हाहाकार
इस राहत से ठीक एक दिन पहले सरकार ने तेल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर सबको चौंका दिया था। वीरवार को सरकार ने पेट्रोल की कीमतों में 43 प्रतिशत और डीजल के दामों में रिकॉर्ड 55 प्रतिशत की वृद्धि की थी। उस दौरान पेट्रोल के दाम 137.23 रुपये बढ़कर 458.41 रुपये और डीजल 184.49 रुपये की उछाल के साथ 520.35 रुपये प्रति लीटर के खतरनाक स्तर पर पहुंच गए थे। रातों-रात हुई इस बढ़ोतरी के बाद देशभर में हिंसक विरोध प्रदर्शन और हड़तालें शुरू हो गई थीं, जिसे देखते हुए प्रशासन को तत्काल अपने कदम पीछे खींचने पड़े।

मंत्रियों के वेतन पर 6 महीने के लिए पाबंदी
गंभीर आर्थिक संकट और महंगाई की दोहरी मार से निपटने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने केवल पेट्रोल की कीमतें ही कम नहीं की हैं, बल्कि सरकारी स्तर पर भी कड़े अनुशासन के आदेश दिए हैं। उन्होंने घोषणा की है कि आर्थिक सुधारों और सरकारी खर्च में कटौती के तहत कैबिनेट मंत्रियों को अगले 6 महीने तक कोई वेतन नहीं दिया जाएगा। इससे पहले सरकार ने केवल 2 महीने की सैलरी रोकने का फैसला लिया था, लेकिन मौजूदा हालातों की गंभीरता और जनता के गुस्से को देखते हुए अब मंत्रियों के वेतन पर पाबंदी की अवधि को बढ़ाकर आधा साल कर दिया गया है।

Views: 18

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 164937