Thu, 30 Jul 2026
Post Details

अमृतसर के गांव में पंचायत का बड़ा फैसला, आपसी शादी पर होगा बहिष्कार

अमृतसर के अदलीवाल गांव की नगर पंचायत ने एक अहम और सख्त फैसला लिया है। पंचायत ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास करते हुए कहा है कि गांव के भीतर आपसी शादी करने वाले लड़का-लड़की और उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। पंचायत का कहना है कि यह निर्णय गांव में शादी के बाद बढ़ रहे विवादों और झगड़ों को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।

परिवारों से तोड़ा जाएगा सामाजिक संबंध
पंचायत के फैसले के अनुसार यदि कोई लड़का और लड़की गांव के भीतर ही शादी करते हैं, तो उनके परिवार के साथ कोई सामाजिक संबंध नहीं रखा जाएगा। गांव का कोई भी व्यक्ति उनके सुख-दुख में शामिल नहीं होगा और ऐसे परिवारों को सरकारी या गैर-सरकारी कार्यों में भी किसी प्रकार की मदद नहीं दी जाएगी।

भागकर शादी करने वालों पर सख्ती
पंचायत ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई युवक-युवती परिवार की मर्जी के बिना गांव के ही किसी व्यक्ति के साथ भागकर शादी करता है, तो उन्हें गांव में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस फैसले को लेकर गांव में सख्ती से पालन कराने की बात कही गई है।

नशा तस्करी पर भी सख्त रुख
इसके अलावा पंचायत ने नशा तस्करी के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया है। यदि कोई व्यक्ति गांव में नशा बेचते हुए पकड़ा जाता है, तो गांव का कोई भी व्यक्ति उसके समर्थन में नहीं जाएगा और न ही उसकी जमानत करवाई जाएगी। पंचायत का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य गांव में शांति और अनुशासन बनाए रखना है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186856