Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर में कैबिनेट मंत्री के घर के पास स्नैचिंग, बुजुर्ग महिला से चालाकी से छीनी गई बालियां; देखें Video

जालंधर के पॉश इलाके अर्बन एस्टेट फेज-2 में स्नैचिंग की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के घर के पास एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो युवकों ने चालाकी से उसकी बालियां छीन लीं और फरार हो गए। सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे आरोपी बड़ी चालाकी से महिला को बहला कर वारदात को अंजाम देते हैं और कुछ ही सेकंड में फरार हो जाते हैं।

पानी मांगने के बहाने छीनी बालियां
घटना के दौरान बुजुर्ग महिला अपने घर के बाहर बैठी हुई थी। इसी बीच बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक युवक महिला के पास आया और पानी मांगने लगा। महिला ने उसे पास के पार्क में लगे पानी के नल की ओर इशारा किया। जैसे ही महिला का ध्यान पार्क की ओर गया, युवक ने मौके का फायदा उठाते हुए उसके कानों से बालियां झपट लीं और तुरंत अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया।

पीड़िता ने सुनाई आपबीती
पीड़ित बुजुर्ग महिला लीलावती के मुताबिक, वह अपनी एक परिचित महिला के साथ घर के बाहर बैठी थी। तभी दो युवक बाइक पर आए और पानी मांगने लगे। जैसे ही उसने उन्हें पानी के लिए पार्क की ओर भेजा, युवक ने झटके से उसकी बालियां छीन लीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186767