Wed, 03 Jun 2026
Post Details

नोएडा में सैलरी विवाद बना आग का गुबार, कर्मचारियों ने बसों-गाड़ियों को किया आग के हवाले

उत्तर प्रदेश के नोएडा के फेज-2 इलाके में फैक्ट्री कर्मचारियों का सैलरी बढ़ाने को लेकर चल रहा प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नाराज कर्मचारी सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। गुस्साए कर्मचारियों ने सड़क पर खड़ी गाड़ियों और बसों को निशाना बनाते हुए पथराव किया। देखते ही देखते कई वाहनों में आग लगा दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने बिगड़ गए कि आसपास के इलाकों में भी तनाव फैल गया।

पुलिस पर भी हमला, आंसू गैस के गोले दागे
प्रदर्शन को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस को भी कर्मचारियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी को पलट दिया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। स्थिति को काबू में करने के लिए प्रशासन ने आसपास के कई जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया है। फिलहाल इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

विरोध में कई कंपनियों के कर्मचारी शामिल
जानकारी के अनुसार मदरसन, ऋचा ग्लोबल, रेनबो, पैरामाउंट, एसएनडी और अनुभव जैसी कंपनियों के कर्मचारी पिछले तीन दिनों से वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। करीब 500 से अधिक कर्मचारी मदरसन कंपनी के बाहर एकत्र हुए थे, जहां से यह विरोध हिंसक हो गया। इसके अलावा नोएडा के अलग-अलग इलाकों में भी सैकड़ों कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल बताए जा रहे हैं।

हालात काबू करने की कोशिश जारी
मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार कर्मचारियों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, स्थिति अभी पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आई है और इलाके में तनाव बना हुआ है।

Views: 17

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 164651