Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर में कटिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदला, CCTV में कैद पूरी घटना

जालंधर के बस्ती गुजा इलाके में स्थित एक सैलून में ग्राहक और मालिक के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।

CCTV में कैद पूरी घटना
सामने आई फुटेज में देखा जा सकता है कि तरुण कुमार सैलून पर पहुंचकर दुकानदार से काम करने की बात करता है और कहता है कि वह कई बार चक्कर लगा चुका है। इस पर दुकानदार जवाब देता है कि काम तभी होगा जब वह दुकान में बैठकर इंतजार करेगा और पहले से बैठे ग्राहकों को छोड़कर उसका काम नहीं किया जा सकता। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो जाती है, जो जल्द ही हाथापाई में बदल जाती है।

वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि अन्य ग्राहक दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश करते हैं, लेकिन इसके बावजूद झगड़ा थमता नहीं और स्थिति बिगड़ती चली जाती है।

ग्राहक के गंभीर आरोप
तरुण कुमार का आरोप है कि वह कटिंग के लिए बार-बार सैलून जा रहा था, लेकिन उसे टाला जा रहा था। उसने कहा कि जब वह वहां से चला गया, तो सैलून मालिकों ने उसे फोन कर गालियां दीं। बाद में जब वह अपने दोस्तों के साथ बात करने वापस ‘वीआईपी सैलून’ पहुंचा, तो वहां मौजूद 3-4 लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

उस्तरे से किया हमला, अस्पताल में भर्ती
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने सैलून में इस्तेमाल होने वाले उस्तरे से उसकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए। हमले में घायल तरुण को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके घावों पर टांके लगाए गए हैं।

सैलून मालिकों का पलटवार, पुलिस जांच जारी
वहीं सैलून मालिकों का कहना है कि युवक अपने साथ अन्य लोगों को लेकर आया था और सैलून में तोड़फोड़ करने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल, पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186771