Thu, 30 Jul 2026
Post Details

सम्राट चौधरी बने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री, राज्यपाल सैयद अता हुसनैन ने दिलाई पद की शपथ

बिहार की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहाँ सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल ली है। राजधानी पटना स्थित लोकभवन में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान राज्यपाल सैयद अता हुसनैन ने सुबह 11 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस नई सरकार के गठन के साथ ही प्रदेश को दो उपमुख्यमंत्री भी मिले हैं। जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने डिप्टी सीएम के तौर पर अपनी शपथ पूरी की।

शपथ के दौरान नीतीश कुमार भी रहे मौजूद
हालांकि, अभी मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों और उनके विभागों की घोषणा नहीं की गई है, जिसका इंतजार राजनीतिक गलियारों में बेसब्री से हो रहा है। विशेष बात यह रही कि पिछले 20 सालों तक बिहार की कमान संभालने वाले पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बने।

मंदिर में माथा टेक पहुंचे शपथ लेने
अपनी नई पारी की शुरुआत करने से पहले सम्राट चौधरी ने आध्यात्मिक मार्ग अपनाया। उन्होंने आज सुबह पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही उनकी सुरक्षा व्यवस्था में इजाफा कर दिया था।

राज्यसभा में नज़र आएंगे नीतीश कुमार
गौरतलब है कि बिहार में यह राजनीतिक फेरबदल सोमवार को नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद शुरू हुआ। दो दशक तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहने वाले नीतीश कुमार अब राज्यसभा सदस्य के रूप में नई भूमिका में नजर आएंगे। राज्य में हुए इस बड़े बदलाव के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नई कैबिनेट में किन चेहरों को जगह मिलती है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186571