Thu, 30 Jul 2026
Post Details

लुधियाना में बस विवाद को लेकर भड़की हिंसा, अस्पताल के बाहर चली गोलियां

पंजाब के लुधियाना में मंगलवार सुबह सिविल अस्पताल के बाहर गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। मामूली विवाद से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल के बाहर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। इस दौरान धर्मेंद्र नामक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

कोचर मार्किट से शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार कोचर मार्केट के पास कुछ लोग धार्मिक यात्रा के लिए बसों की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर आरोपियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया।

हमले के बाद घायल लोग इलाज के लिए अस्पताल जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उनका पीछा किया और अस्पताल के बाहर करीब तीन राउंड गोलियां चला दीं। इसी फायरिंग में धर्मेंद्र को गोली लगी। पहले उसे दयानंद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186994