Thu, 30 Jul 2026
Post Details

पंजाब में इमरजेंसी की तैयारी! आज रात को ब्लैकआउट के साथ होगी मॉकड्रिल

पंजाब में आज रात 8 बजे से 8:15 बजे तक 15 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया जाएगा। यह कदम युद्ध जैसे आपातकालीन हालात से निपटने की तैयारी के तहत उठाया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में यह मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।

ब्लैकआउट के दौरान सायरन बजाकर लोगों को अपने घरों और आसपास की सभी लाइटें बंद करने के लिए कहा जाएगा। इस दौरान जनरेटर, इनवर्टर और टॉर्च के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी। ड्रिल समाप्त होने पर 2 मिनट तक लगातार सायरन बजेगा, जो “ऑल क्लियर” का संकेत होगा।

सरकार की अपील: घबराएं नहीं, सहयोग करें
पंजाब सरकार के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अभ्यास है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इस मॉक ड्रिल में पूरा सहयोग करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बेहतर तरीके से निपटा जा सके।

अलग-अलग जिलों में अलग व्यवस्था
राज्य के विभिन्न जिलों में ब्लैकआउट और मॉक ड्रिल की अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। लुधियाना में 7:55 बजे सायरन के बाद 8 से 8:15 तक ब्लैकआउट रहेगा, जबकि अमृतसर में रंजीत एवेन्यू क्षेत्र में 10 मिनट का ब्लैकआउट लागू होगा।

मोहाली में जिला प्रशासनिक परिसर के आसपास, पठानकोट में नगर निगम के 50 वार्डों में और बठिंडा में चिन्हित इलाकों में यह अभ्यास किया जाएगा। जालंधर में यह ड्रिल सीमित क्षेत्र में आयोजित होगी, जबकि फिरोजपुर और फाजिल्का जैसे सीमावर्ती जिलों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

सुरक्षा एजेंसियों का रेस्क्यू और राहत अभ्यास
इस मॉक ड्रिल के दौरान सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन, राहत कार्य और मेडिकल सहायता जैसी गतिविधियों का भी अभ्यास किया जाएगा। कई स्थानों पर सिविल डिफेंस की टीमें लोगों को सुरक्षित निकालने और आपात स्थिति में मदद पहुंचाने का अभ्यास करेंगी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186768