Thu, 30 Jul 2026
Post Details

लुधियाना की 29 वर्षीय युवती की कनाडा में मौत, जांच में जुटी पुलिस

लुधियाना के अहमदगढ़ की रहने वाली 29 वर्षीय प्रतिभा गुप्ता की ब्रैंपटन में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उनका शव उनके किराए के घर की सीढ़ियों के पास मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और सच सामने आने का इंतजार कर रहा है।

फोन का जवाब न मिलने पर हुआ खुलासा
परिजनों के मुताबिक, जब प्रतिभा से लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई और उनका फोन नहीं उठा, तो उन्होंने उनकी कार्यस्थल पर सूचना दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस से संपर्क किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की जांच की। इसी दौरान सीढ़ियों के पास से प्रतिभा का शव बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है।

मौत से पहले माता-पिता से हुई थी बात
परिवार ने बताया कि प्रतिभा ने अपनी मौत वाले दिन सुबह ही अपने माता-पिता से बात की थी और वह पूरी तरह ठीक थीं। इसके बाद अचानक उनका संपर्क टूट गया, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई। बताया जा रहा है कि प्रतिभा गुप्ता करीब साढ़े तीन साल पहले वर्क परमिट पर कनाडा गई थीं। वहां वह एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत थीं और अपने करियर को आगे बढ़ा रही थीं। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186994