Thu, 30 Jul 2026
Post Details

AAP नेता दिनेश ढल्ल की मीटिंग में हंगामा, समाज सेवक ने लगाए गंभीर आरोप

जालंधर नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी के इंचार्ज दिनेश ढल्ल की एक मीटिंग के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एक समाज सेवक के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

आमने-सामने आए दिनेश ढल्ल और समाज सेवक
जानकारी के अनुसार, मीटिंग के दौरान मनदीप दोसांझ नाम के समाज सेवक ने कुछ दस्तावेज दिखाते हुए एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज एफआईआर का मुद्दा उठाया। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

वीडियो में फोन छीनने का आरोप
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बहस के दौरान दिनेश ढल्ल ने समाज सेवक का मोबाइल फोन अपने हाथ में ले लिया। आरोप है कि समाज सेवक लाइव वीडियो चला रहा था और गंभीर आरोपों से जुड़ा मुद्दा उठा रहा था, जिससे मीटिंग का माहौल प्रभावित हो रहा था।

नशा कारोबार के आरोपों ने बढ़ाया विवाद
वीडियो में समाज सेवक कुछ व्यक्तियों पर नशे के कारोबार से जुड़े गंभीर आरोप लगाते हुए नजर आ रहा है। वह यह भी कहता दिखाई देता है कि इस मुद्दे को मीटिंग में ही उठाया जाना चाहिए, क्योंकि ढल्ल मौके पर मौजूद हैं।

मीटिंग में बाधा को लेकर ढल्ल की आपत्ति
इस दौरान दिनेश ढल्ल ने आपत्ति जताते हुए कहा कि वह मीटिंग करने आए हैं और पहले उन्हें जरूरी मुद्दों पर चर्चा करने दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को कोई शिकायत है तो वह व्यक्तिगत तौर पर बैठकर बात कर सकता है, लेकिन मीटिंग के बीच लाइव वीडियो चलाना ठीक नहीं है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186772