Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर में खड़े टैंकर को शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बड़ा हादसा टला

जालंधर के सुंची पिंड इलाके में इंडियन ऑयल डिपो के पास पार्किंग में खड़े एक टैंकर में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग ने कुछ ही समय में भयानक रूप ले लिया। आग से उठता धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

फायर ब्रिगेड की टीमों ने पाया काबू
पार्किंग में मौजूद ठेकेदारों ने तुरंत आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने पांच गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा आग का कारण
टैंकर चालक राजू, जो गुरदासपुर का निवासी है, ने बताया कि उसने टैंकर को डिपो के पास पार्किंग में खड़ा किया हुआ था। अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण टैंकर में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने तेजी से फैलकर टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि टैंकर पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, जो राहत की बात रही।

समय रहते काबू, नहीं तो हो सकता था बड़ा हादसा
फायर ब्रिगेड के अधिकारी लक्की ने बताया कि कंट्रोल कक्ष से सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186739