Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर में PNB बैंक लॉकर से सोने के गहने गायब, पीड़ित ने जमकर किया हंगामा

जालंधर के माई हीरा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लॉकर से सोने के गहने गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद बैंक में हड़कंप मच गया। पीड़ित जतिंदर चड्डा के अनुसार उनके 6 से 7 तोले के सोने के गहने लॉकर से गायब हो गए।

15 साल से लॉकर में रखे थे गहने
संत नगर निवासी पीड़ित ने बताया कि उनकी मां ने साल 2000 में यह गहने उनकी पत्नी को दिए थे। मां के निधन के बाद उन्होंने 2007 में सुरक्षा के लिए ये गहने बैंक लॉकर में रख दिए थे। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को लॉकर नंबर 336 चेक करने पर गहने सुरक्षित थे। जब वह दोबारा लॉकर में अन्य गहने रखने पहुंचे, तो अंदर रखा पूरा सेट गायब मिला। सेट में हार, झुमके, टिक्का सहित अन्य आभूषण शामिल थे।

बैंक पर लापरवाही के आरोप
जतिंदर चड्डा ने आरोप लगाया कि घटना के बाद बैंक कोई जिम्मेदारी नहीं ले रहा है। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि इसकी जिम्मेदारी ग्राहक की है। पीड़ित ने सवाल उठाया कि जब लॉकर की एक चाबी बैंक के पास होती है, तो जिम्मेदारी से कैसे बचा जा सकता है। जब उन्होंने बैंक मैनेजर से CCTV फुटेज के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया कि लॉकर के पास कैमरे नहीं लगे हैं। इस पर भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

10 लाख रुपए के थे गहने
पीड़ित के अनुसार इस घटना में उन्हें लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस और बैंक प्रशासन दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। बैंक प्रबंधन ने भी मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186741