Fri, 05 Jun 2026
Post Details

पंजाब में बेअदबी पर सख्ती, जालंधर में CM मान बोले- अब बहाने नहीं चलेंगे

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को जालंधर में आयोजित शुकराना यात्रा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के खिलाफ बनाए गए नए कानून को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि परमात्मा की कृपा से उन्हें बेअदबी के मामलों में कानून को सख्त बनाने की सेवा करने का अवसर मिला है।

बेअदबी करने वालों को 10 साल की सजा होगी
सीएम मान ने बताया कि 13 अप्रैल को पंजाब विधानसभा में पारित कानून के तहत अब बेअदबी करने वालों को कम से कम 10 साल की सजा दी जाएगी, जबकि गंभीर मामलों में मृत्यु तक उम्रकैद का प्रावधान रखा गया है। इसके साथ ही दोषियों पर 25 लाख से 50 लाख रुपये तक का जुर्माना भी लगाया जाएगा।

मानसिक रोगी होने का बहाना नहीं चलेगा
सीएम मान ने कहा कि अब ऐसे मामलों में मानसिक रोगी होने का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर किसी आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर सवाल उठता है तो उसके संरक्षकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सरकार धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतेगी और दोषियों को हर हाल में सख्त सजा दिलाई जाएगी।

पंजाब में नफरत का बीज नहीं उग सकता
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पंजाब की भाईचारक सांझ और सामाजिक एकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग नफरत फैलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन पंजाब की धरती पर नफरत का बीज कभी नहीं उग सकता। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी पूरी मानवता के कल्याण का संदेश देते हैं। वे किसी एक समुदाय के नहीं बल्कि पूरी दुनिया के गुरु हैं।

उन्होंने कहा कि जब बेअदबी की घटनाओं में आरोपी बच निकलते थे तो लोगों के दिलों को गहरी ठेस पहुंचती थी। वह एक परिवार के मुखिया की तरह पंजाब के हर निवासी के हितों की रक्षा करेंगे और राज्य में शांति, भाईचारे और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखेंगे।

Views: 17

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 164937