Thu, 30 Jul 2026
Post Details

पंजाब में तेज हवाओं और तूफान का खतरा, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

पंजाब में मौसम को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 11 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 12, 13 और 14 मई को येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने इन दिनों के दौरान तेज आंधी, बारिश, तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

आने वाले दिनों में तेज हवाओं के साथ मौसम अचानक बदल सकता है। दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली का दौर जारी रहेगा, जिससे लोगों को उमस और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ सकता है।

फरीदकोट में 42 डिग्री पहुंचा तापमान
राज्य में रविवार को सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में दर्ज किया गया, जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मई के दूसरे सप्ताह के हिसाब से तापमान अभी सामान्य से नीचे बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें तेजी से बदलाव संभव है।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रविवार को दिनभर बादल और धूप का असर बना रहा, जबकि रात के समय तेज तूफान के चलते मौसम में हल्का बदलाव महसूस किया गया।

ओलावृष्टि की भी जताई संभावना
विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा मौसम प्रणाली पंजाब में ओलावृष्टि के संकेत भी दे रही है। पिछले दिनों राज्य के कुछ इलाकों में हुई ओलावृष्टि इसका उदाहरण रही है। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बारिश के दौरान खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान
लगातार बढ़ती गर्मी और अचानक बदलते मौसम के कारण लोगों की सेहत पर भी असर पड़ सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक दिन में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं से परेशानी बढ़ सकती है, जबकि शाम के समय आंधी और बारिश का खतरा बना रहेगा। ऐसे मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टरों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186590