Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर वरियाणा कचरा डंप में आग से मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

जालंधर के वरियाणा डंप में सोमवार देर रात आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठने के बाद पास के रिहायशी क्षेत्रों में रहने वाले लोग घबरा गए और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।

शाम से सुलग रहा था डंप
फायर कर्मी गुरजंट सिंह के मुताबिक, डंप में सोमवार शाम करीब 5 बजे से सुलगना शुरू हो गया था, लेकिन देर रात आग ने तेज रूप ले लिया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों को लगाया गया और लगातार पानी का छिड़काव कर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।

प्लास्टिक और कांच बने आग की वजह
वरियाणा डंप में शहरभर का कचरा फेंका जाता है, जहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कांच जमा है। फायर विभाग का मानना है कि तेज गर्मी के कारण कांच गर्म हो गया, जिससे पास पड़ा प्लास्टिक आग की चपेट में आ गया। इसके बाद कचरे के ढेर में आग तेजी से फैल गई।

फायर कर्मी गुरजंट सिंह ने बताया कि आग बुझाने का काम पूरी रात चलता रहा। उन्होंने लोगों से घबराने की जरूरत न बताते हुए कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और जल्द ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।

फायर ब्रिगेड ने लोगों से की अपील
आग बुझाने के दौरान फायर कर्मियों ने शहरवासियों से भावुक अपील भी की। गुरजंट सिंह ने कहा कि जालंधर के लोगों को इमरजेंसी वाहनों को रास्ता देने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बार लोग रास्ता नहीं देते, जिससे राहत कार्य प्रभावित होता है और किसी बड़े नुकसान का खतरा बढ़ जाता है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186772