Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर में थाने से महज 600 मीटर दूरी पर महिला से सरेआम चेन स्नेचिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जालंधर महानगर में चोरों और लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस का भी कोई डर नहीं रहा। ताजा मामला थाना मकसूदां से महज 600 मीटर की दूरी पर स्थित वार्ड नंबर 84 से सामने आया है। यहां के जंगलात महकमा के पास बाइक सवार दो बेखौफ बदमाशों ने सरेआम एक महिला को निशाना बनाया और उसके गले से सोने की चेन छीनकर रफूचक्कर हो गए। इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मासूम बच्चे को खींचकर जान बचाती रही बेबस मां

यह पूरी वारदात पास ही में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों में से एक अचानक उतरकर महिला की तरफ झपटता है। घबराई हुई महिला अपने छोटे बच्चे के साथ खुद को बचाने के लिए चिल्लाती हुई गली में भागने लगती है। फुटेज का सबसे विचलित करने वाला हिस्सा वह है, जहां मासूम बच्चा डर के मारे तेजी से भाग नहीं पाता और बेबस मां लुटेरे से बचने के लिए उसे हाथ से खींचते हुए दौड़ती नजर आती है। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद बेखौफ लुटेरा महिला के गले से चेन झपटकर फरार होने में कामयाब रहा।

शोर सुनकर जुटे लोग, पर नहीं चढ़े हत्थे लुटेरे

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के घरों से लोग तुरंत बाहर निकल आए। स्थानीय निवासियों ने हिम्मत दिखाते हुए मोटरसाइकिल सवार लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन तब तक आरोपी रफ्तार पकड़ चुके थे और मौके से भागने में सफल रहे। इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में भारी रोष और दहशत का माहौल है। फिलहाल स्थानीय पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाशों की शिनाख्त करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुट गई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186768