Thu, 30 Jul 2026
Post Details

बरनाला नगर निगम चुनाव में तनाव, भाजपा ने AAP पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप

पंजाब के बरनाला में नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर-15 में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। यह घटना आईटीआई (लड़के) में बनाए गए पोलिंग बूथ पर हुई, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया।

भाजपा उम्मीदवार के पति को आई गंभीर चोट
झड़प के दौरान भाजपा उम्मीदवार बीबी दीपइंदर कौर के पति जसवीर सिंह गक्खी पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पोलिंग बूथ के बाहर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

भाजपा नेताओं ने AAP पर लगाए गंभीर आरोप
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष यादविंदर शंटी और वरिष्ठ नेता कैप्टन गुरजिंदर सिंह सिद्धू मौके पर पहुंचे। भाजपा नेताओं ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर चुनाव में धक्केशाही और गुंडागर्दी करने के आरोप लगाए। उनका कहना है कि बाहरी इलाकों से लोगों को लाकर फर्जी वोटिंग करवाई जा रही थी। भाजपा नेताओं के मुताबिक जसवीर सिंह गक्खी ने जब कथित बोगस वोटिंग का विरोध किया तो उन पर हमला कर दिया गया।

पुलिस और चुनाव आयोग की भूमिका पर उठे सवाल
भाजपा नेतृत्व ने पुलिस प्रशासन और जिला निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। पार्टी नेताओं ने मांग की है कि चुनावी हिंसा फैलाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186962