Thu, 30 Jul 2026
Post Details

माता वैष्णो देवी जा रही वॉल्वो बस ट्राले से टकराई, ड्राइवर की मौत; इतने घायल

दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक वॉल्वो बस आगे चल रहे ट्राले से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। इनमें छह श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें चंडीगढ़ के अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया है।

राजपुरा के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक हादसा राजपुरा के नजदीक पतारसी कलां गांव के पास हुआ। मृतक ड्राइवर की पहचान फिरोजपुर निवासी इंद्रजीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 42 श्रद्धालु सवार थे, जो माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा जा रहे थे।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू

दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएसपी, थाना प्रभारी और थाना मूलेपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस ने चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186592