Thu, 30 Jul 2026
Post Details

BREAKING : बीजेपी पंजाब में सिख चेहरे पर खेल सकती है दांव, केवल सिंह ढिल्लों का नाम चर्चा में

पंजाब बीजेपी को जल्द नया प्रदेश प्रधान मिल सकता है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बरनाला के पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों का नाम सबसे आगे चल रहा है। इसे लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। वहीं मौजूदा प्रधान सुनील जाखड़ को 2027 विधानसभा चुनाव अभियान में अहम जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है।

सिख चेहरे पर दांव लगाने की तैयारी
सूत्रों के अनुसार भाजपा नेतृत्व पंजाब में राजनीतिक संतुलन बनाने के लिए अब किसी सिख चेहरे को आगे लाने की रणनीति पर काम कर रहा है। बताया जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग लंबे समय से पंजाब भाजपा की कमान सिख नेता को सौंपने की पैरवी कर रहे हैं। अब तक पंजाब बीजेपी का पारंपरिक नेतृत्व मुख्य रूप से हिंदू वोट बैंक पर केंद्रित रहा है, लेकिन पार्टी अब अपने दायरे को और मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।

रवनीत बिट्टू और मनजीत राय के नाम भी चर्चा में
हालांकि प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और मनजीत राय के नाम भी सामने आ रहे हैं। लेकिन अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान द्वारा ही लिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि आरएसएस के पंजाब प्रभारी मंत्री श्रीनिवासलु भी केवल सिंह ढिल्लों के नाम का समर्थन कर रहे हैं। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी पंजाब में सिख नेतृत्व को आगे बढ़ाने के पक्ष में बताए जा रहे हैं।

पंजाब में संगठन मजबूत करने पर फोकस
बीजेपी पिछले कुछ समय से संगरूर और बरनाला क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी नेताओं को भी पार्टी में शामिल कराया जा चुका है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात भी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

दो दशक से राजनीति में सक्रिय हैं ढिल्लों
केवल सिंह ढिल्लों पिछले दो दशकों से पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं। वह कांग्रेस के टिकट पर 2007 और 2012 में बरनाला से विधायक चुने गए थे। 2012 में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी। वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट भी रह चुके हैं।

हालांकि 2017 विधानसभा चुनाव और 2019 संगरूर लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद जून 2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन कर ली। भाजपा ने उन्हें संगरूर लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया था। फिलहाल वह पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186962