Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर के न्यू मॉडल टाउन में बंद कोठी में चोरी, लोगों ने आरोपी को दबोचा

 जालंधर के पॉश इलाके न्यू मॉडल टाउन में बंद पड़ी एक कोठी में चोरी का मामला सामने आया है। आरोपी कोठी से लोहे की ग्रिल चोरी कर ले जा रहा था, तभी स्थानीय लोगों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को सूचना दी गई।

ग्रिल तोड़कर ले जा रहा था आरोपी
जानकारी के मुताबिक आरोपी कोठी की सीढ़ियों और खिड़कियों की ग्रिल के 7 से 10 टुकड़े तोड़कर अपने साथ ले जा रहा था। इसी दौरान इलाके के लोगों और एक करियाना व्यापारी की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने पीछा कर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पिछले 3 से 4 दिनों से इलाके में घूमकर बंद पड़ी कोठी की रेकी कर रहा था और मौका मिलते ही उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

नशे के लिए चोरी करने की बात कबूली
पकड़े गए आरोपी की पहचान अरुण के रूप में हुई है, जो अलीपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी ने लोगों के सामने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और पिछले करीब 7 महीनों से नशा कर रहा है। आरोपी ने बताया कि उसके पास नशा खरीदने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उसने चोरी की योजना बनाई। उसने कबूल किया कि चोरी किए गए लोहे को कबाड़ी को बेचकर नशे के लिए पैसे जुटाने वाला था।

आरोपी ने बताया कि वह पहले अपने पिता के साथ पेंट का काम करता था, लेकिन काम बंद होने के बाद उसने गलत रास्ता अपना लिया। लोगों द्वारा चोरी का सामान बरामद किए जाने पर आरोपी बार-बार माफी मांगता रहा और अपनी गलती स्वीकार करता रहा।

चार साल से बंद पड़ी है कोठी
इलाका निवासी प्रमदेव और करियाना व्यापारी चीकू ने बताया कि जिस कोठी में चोरी हुई, वह पिछले करीब चार साल से बंद पड़ी है। आरोपी कई दिनों से वहां की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। लोगों ने आरोपी को पकड़ने के बाद मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186767