Sat, 13 Jun 2026
Post Details

जालंधर के RTI एक्टिविस्ट पर दिनदहाड़े फायरिंग, LPU गेट के पास मारी गईं गोलियां

जालंधर के चर्चित RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह पर अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोलियां चलाकर जानलेवा हमला कर दिया। यह वारदात फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के लॉ गेट के नजदीक हुई। अचानक हुई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घात लगाकर बैठे थे हमलावर
शुरुआती जानकारी के अनुसार सिमरनजीत सिंह किसी निजी काम से फगवाड़ा आए हुए थे और LPU के लॉ गेट के पास मौजूद थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर पहले से ही मौके पर घात लगाकर बैठे हुए थे और उन्होंने सिमरनजीत सिंह को देखते ही हमला कर दिया।

लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया गया
फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हुए सिमरनजीत सिंह मौके पर ही गिर पड़े। अधिक खून बहने के कारण उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

हमलावर फरार, जांच में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Views: 23

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 166487