Thu, 30 Jul 2026
Post Details

ज्योति नूरां के पति अभिषेक उस्मान का राहगीर से विवाद, सड़क पर हुआ जमकर हंगामा

जालंधर के वेरका मिल्क प्लांट चौक में गुरुवार देर रात सूफी गायक ज्योति नूरां के पति अभिषेक उस्मान और उनके दोस्तों का एक राहगीर के साथ विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कार निकालने को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बाप-बेटे ने लगाए हमले के आरोप
कालिया कॉलोनी निवासी सतिंदर पाल ने बताया कि वह अपनी कार से बेरका मिल्क प्लांट की ओर जा रहा था। उसके अनुसार उसने पहले से इंडिकेटर दिया हुआ था, लेकिन सामने एक कार रुक गई। कार में सवार चार-पांच युवकों ने कथित तौर पर उससे बहस शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।

सतिंदर पाल ने बताया कि घटना के दौरान उसने अपने बेटे को मौके पर बुलाया, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उसके बेटे के साथ भी मारपीट की। पीड़ित पक्ष का दावा है कि हमले में तेजधार हथियार का भी इस्तेमाल किया गया। उन्होंने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया।

घायल अवस्था में पहुंचे अस्पताल
मारपीट में घायल होने के बाद बाप-बेटा इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां उन्हें जानकारी मिली कि जिस कार को लेकर विवाद हुआ, वह कथित तौर पर सूफी गायिका ज्योति नूरा के पति अभिषेक उस्मान की थी। पीड़ित ने थाना-1 पुलिस को लिखित शिकायत सौंप दी है।

मामले में दूसरे पक्ष से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कैमरे के सामने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। फिलहाल उनका पक्ष सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है।

पुलिस CCTV फुटेज और बयानों के आधार पर करेगी जांच
थाना-1 के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के दो-दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186737