Thu, 30 Jul 2026
Post Details

FIR के बाद पोस्टर राजनीति गरमाई, मजीठिया को लेकर 'टाइगर अभी जिंदा है' वाले पोस्टर लगे

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को लेकर मजीठा विधानसभा क्षेत्र में पोस्टर वॉर शुरू हो गई है। कुछ दिन पहले जहां मजीठिया के खिलाफ ‘गुमशुदा’ और ‘भगोड़ा’ लिखे पोस्टर लगाए गए थे, वहीं अब उनके समर्थन में नए पोस्टर सामने आए हैं। इन पोस्टरों पर लिखा गया है, "रंगे बिल्ले को कह दो, टाइगर अभी जिंदा है", जिससे इलाके में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जोबनप्रीत की गिरफ्तारी से शुरू हुआ विवाद
पूरा विवाद अकाली समर्थक जोबनप्रीत की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ। पुलिस ने उसे पूर्व पार्षद परमजीत सिंह उर्फ पम्मा की शिकायत पर मारपीट, स्नैचिंग और पगड़ी उतारने जैसे गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया था।

मजीठिया पर दर्ज हुई थी FIR
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब पुलिस ने आरोप लगाया कि जोबनप्रीत को मजीठा थाने से कथित तौर पर जबरन छुड़ाने की कोशिश की गई। इस संबंध में अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई। इसके बाद से पंजाब पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

'गुमशुदा' पोस्टरों से गरमाई थी राजनीति
FIR दर्ज होने के बाद मजीठा और मजीठा गेट इलाके में अज्ञात लोगों या विरोधी राजनीतिक दलों की ओर से मजीठिया के खिलाफ ‘गुमशुदा’ और ‘भगोड़ा’ लिखे पोस्टर व होर्डिंग्स लगाए गए थे। इन पोस्टरों ने क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया था।

अब समर्थन में लगे नए पोस्टर
इसी के जवाब में अब मजीठिया समर्थकों की ओर से नए पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में मजीठिया के समर्थन का संदेश देते हुए लिखा गया है कि "टाइगर अभी जिंदा है"। इसे विरोधियों को दिया गया राजनीतिक जवाब माना जा रहा है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186859