ਨਗਰ ਨਿਗਮ ਨੂੰ ਬਰਸਾਤ ਤੋਂ ਪਹਿਲਾਂ ਸ਼ਹਿਰ ਦੇ ਸਾਰੇ ਵਾਰਡਾਂ ਵਿੱਚ ਸੀਵਰੇਜ ਸਾਫ਼ ਕਰਵਾਉਣਾ ਚਾਹੀਦਾ ਹੈ : ਪਲਵੀ
जालंधर देहात के थाना मेहतपुर क्षेत्र के गांव बंगीवाल में वांटेड आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम और उसके परिजनों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान चली गोली में घायल हुए 23 वर्षीय लवप्रीत उर्फ लवी की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
हत्या के प्रयास के मामले में वांटेड था लवप्रीत
जानकारी देते हुए हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि लवप्रीत के खिलाफ 5 जनवरी को हत्या के प्रयास (धारा 307) के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई की जा रही थी। इस केस में कुल 9 लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें लवप्रीत वांटेड चल रहा था। मेहतपुर के एसएचओ अमन सैनी को गुप्त सूचना मिली थी कि लवप्रीत अपने घर पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में घेराबंदी कर रेड की।
पुलिस पर हमले का आरोप
पुलिस का दावा है कि जब टीम ने आरोपी को हिरासत में लेने का प्रयास किया तो उसके परिजनों और समर्थकों ने उसे छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस कर्मियों पर डंडों और तेजधार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें एसएचओ अमन सैनी और उनके गनमैन को चोटें आईं। बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और हालात तनावपूर्ण हो गए। इसी दौरान फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद गनमैन ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं।
टांग में लगीं गोलियां, अस्पताल में हुई मौत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गनमैन द्वारा चलाई गई गोलियों में से दो गोलियां लवप्रीत की टांग में लगीं। घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन परिजनों ने इसका विरोध किया। काफी देर बाद लवप्रीत को उपचार के लिए नकोदर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक और परिवार पर दर्ज हैं कई मामले
SSP ने बताया कि घटना के संबंध में 6 जून को एफआईआर नंबर 123 दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि लवप्रीत के खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज थे, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और मारपीट से जुड़े केस शामिल हैं। उसके भाई मनदीप के खिलाफ छह और बहन गगनदीप के खिलाफ चार मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार लवप्रीत को एक मामले में सजा भी हो चुकी थी।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखा जा रहा है। पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार पूरे घटनाक्रम की जांच हर पहलू से की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
Comments & Discussions
Be the first to comment on this article!