Thu, 30 Jul 2026
Post Details

घायल कांग्रेस नेता से मिले राजा वडिंग, बोले- दोषियों को हर हाल में सजा दिलाएंगे

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने नगर निगम चुनाव के बाद हुए हमले में घायल कांग्रेस पार्षद के पति का अस्पताल पहुंचकर हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और सरकार व पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

चुनाव जीतने के बाद हुआ था हमला
राजा वड़िंग ने बताया कि टांडा के जिला प्रधान विक्की से उन्हें जानकारी मिली थी कि दसूहा के वार्ड नंबर 22 से भुल्ला राणा की पत्नी चुनाव जीतकर पार्षद बनी हैं। आरोप है कि चुनाव परिणाम आने के बाद भुल्ला राणा पर हमला किया गया, जिसमें उनकी टांगें और बाजू गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पिछले चार दिनों से अस्पताल में भर्ती है, लेकिन अब तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि पीड़ित से बातचीत के दौरान उन्हें पता चला कि पुलिस ने मामले में केवल धारा 25 के तहत केस दर्ज किया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सामान्य मामलों में भी गंभीर धाराएं लगा दी जाती हैं, लेकिन एक निर्वाचित पार्षद के पति पर हुए हमले में सख्त धाराएं नहीं लगाई गईं। कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।

सरकार पर साधा निशाना
राजा वड़िंग ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। राज्यभर में कानून व्यवस्था को लेकर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने हाल ही में पटियाला में हुई एक घटना का भी जिक्र किया और कहा कि राजनीतिक विरोध के मामलों में अलग-अलग मानदंड अपनाए जा रहे हैं। उनके अनुसार ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता पंजाब भर में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

मेहतपुर गोलीकांड पर भी बोले वड़िंग
मेहतपुर में पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई लवप्रीत की मौत के मामले पर भी राजा वडिंग ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी राज्य में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनके मुताबिक पंजाब में अपराध नियंत्रण को लेकर गंभीर चुनौतियां हैं और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186588