Sat, 13 Jun 2026
Post Details

200 रन की पारी ने बदली किस्मत, जालंधर का बेटा अब भारत के लिए खेलेगा

जालंधर के युवा क्रिकेटर अर्जुन राजपूत ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में जगह बना ली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका दौरे के लिए जिस टीम का ऐलान किया है, उसमें अर्जुन का नाम भी शामिल है। उनके चयन से जालंधर और पंजाब के क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है।

पंजाब के चार खिलाड़ियों को मिला मौका
श्रीलंका दौरे के लिए चुनी गई भारतीय अंडर-19 टीम में पंजाब के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें जालंधर के अर्जुन राजपूत के अलावा पटियाला के सागर विर्क, लुधियाना के अनमोलजीत सिंह और रोपड़ के इशान सूद शामिल हैं। यह पंजाब क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

डबल सेंचुरी ने खींचा चयनकर्ताओं का ध्यान
अर्जुन राजपूत ने कूच बिहार ट्रॉफी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। केरल के खिलाफ उन्होंने 200 रनों की शानदार पारी खेली, जिसने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। इसके अलावा कूच बिहार ट्रॉफी एलीट मुकाबले में पंजाब की ओर से खेलते हुए उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ 121 रन की बेहतरीन शतकीय पारी भी खेली थी।

7 साल की उम्र से शुरू किया क्रिकेट का सफर
जालंधर के राम नगर निवासी अर्जुन ने महज सात साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उनके शुरुआती कोच विक्रम सिद्धू ने उन्हें पहला क्रिकेट बैट खरीदकर दिया था। बाएं हाथ के बल्लेबाज अर्जुन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह को अपना आदर्श मानते हैं।

पिता ने संघर्ष कर बेटे का सपना किया साकार
अर्जुन की सफलता के पीछे उनके परिवार का संघर्ष भी जुड़ा है। उनके पिता होती राम कुलचे बेचते हैं। सीमित आय के बावजूद उन्होंने बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए। अर्जुन के भारतीय टीम में चयन के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन और जालंधर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी उन्हें बधाई दी है।

Views: 15

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 166456