Thu, 30 Jul 2026
Post Details

असम में वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, पायलट समेत 5 जवानों की शहीद

 

लैंडिंग के दौरान हुआ भीषण हादसा

असम के जोरहाट स्थित रौरिया इंडियन एयरबेस पर शनिवार सुबह करीब 10 बजे भारतीय वायुसेना का AN-32 मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा उस समय हुआ जब विमान एयरबेस पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। दुर्घटना में पायलट समेत पांच सैन्यकर्मी शहीद हो गए हैं, जबकि एक को-पायलट घायल हो गया।

हादसे के बाद विमान में लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रैश के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के बाद एयरबेस पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत एवं बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अभियान शुरू किया।

इन जवानों ने गंवाई जान

इस दुर्घटना में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम की मौत हो गई। वहीं घायल को-पायलट का इलाज जारी है।

सैनिकों और सामान की ढुलाई में होता है इस्तेमाल

दुर्घटनाग्रस्त AN-32 विमान भारतीय वायुसेना का एक महत्वपूर्ण मालवाहक विमान है, जिसका उपयोग सैनिकों, सैन्य उपकरणों और अन्य जरूरी सामान की ढुलाई के लिए किया जाता है। विमान नियमित उड़ान पर था और निर्धारित प्रक्रिया के तहत एयरबेस पर उतर रहा था।

जांच के आदेश, अटकलों से बचने की अपील

भारतीय वायुसेना ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वायुसेना ने मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि शुरुआती जांच रिपोर्ट आने तक किसी भी तरह की अटकलें न लगाई जाएं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186772