Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर में पुरानी रंजिश में चली थीं गोलियां, पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा

जालंधर के न्यू दशमेश नगर में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस गोलीबारी में अमन नगर निवासी सिमरनजीत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल सौरभ का पटेल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुरानी रंजिश के चलते हुआ था हमला

मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव ने बताया कि देर रात न्यू दशमेश नगर में फायरिंग की सूचना मिलने पर थाना भार्गव कैंप के एसएचओ और एसीपी आतिश भाटिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि बाइक और एक्टिवा पर सवार 8 से 9 युवकों ने सौरभ पर हमला किया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक दिन पहले भी कुछ युवकों का सौरभ के साथ विवाद और मारपीट हुई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने दोबारा हमला कर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने गठित कीं विशेष टीमें

घटना के बाद पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर 3 से 4 विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली।

दो आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी जब्त

पुलिस ने इस मामले में एफआईआर नंबर 136 दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

एडीसीपी राकेश यादव ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186710