Tue, 23 Jun 2026
Post Details

कतर के सबसे बड़े गैस प्लांट में विस्फोट, 13 लोगों की मौत; मृतकों में 12 भारतीय शामिल

कतर के सबसे बड़े गैस प्लांट रास लाफान एलएनजी कॉम्प्लेक्स में रविवार शाम हुए भीषण विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 12 भारतीय नागरिक शामिल हैं। हादसे में 66 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि की।

रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुआ हादसा
ऊर्जा मंत्री के अनुसार विस्फोट रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बरजान लोकल गैस सप्लाई फैसिलिटी में हुआ। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में भारत, कतर, तंजानिया, पाकिस्तान, गिनी, नेपाल, बांग्लादेश, केन्या और नाइजीरिया के नागरिक शामिल हैं। सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

हादसा, साजिश के संकेत नहीं
ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने कहा कि शुरुआती जांच में किसी साजिश या जानबूझकर की गई हरकत के संकेत नहीं मिले हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक औद्योगिक दुर्घटना प्रतीत होती है। हालांकि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

दो दिन पहले ही दोबारा शुरू हुआ था प्लांट
अल-काबी ने बताया कि जरूरी मरम्मत कार्यों के चलते दिसंबर 2025 से प्लांट का उत्पादन पूरी तरह बंद था। करीब छह महीने बाद इसे केवल दो दिन पहले ही दोबारा शुरू किया गया था। इसी बीच यह बड़ा हादसा हो गया।

कतर में सबसे बड़ा विदेशी समुदाय हैं भारतीय
विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कतर में लगभग 7.46 लाख भारतीय रहते हैं। यह देश का सबसे बड़ा विदेशी समुदाय है। कतर की कुल आबादी का करीब 22 प्रतिशत हिस्सा भारतीय नागरिकों का है। यानी देश में रहने वाला लगभग हर पांचवां व्यक्ति भारतीय मूल का है।

Views: 39

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 168978