Thu, 30 Jul 2026
Post Details

15 लाख का कर्ज लेकर बेटे को भेजा था इटली, अब पुलिस कस्टडी में मौत की खबर से टूटा परिवार

पंजाब के होशियारपुर जिले के मियानी गांव के रहने वाले 23 वर्षीय सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू की इटली में पुलिस हिरासत के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, इटली पुलिस ने उसे लड़कियों से कथित छेड़छाड़ के आरोप में हिरासत में लिया था। उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद गांव और परिवार में शोक की लहर है।

इटालियन भाषा का लेटर बना परिवार के लिए पहेली
परिवार को इटली से एक आधिकारिक पत्र मिला था, लेकिन वह पूरी तरह इटालियन भाषा में होने के कारण कोई भी उसे समझ नहीं सका। परिजनों ने गांव के कई पढ़े-लिखे लोगों से भी उसे पढ़वाने की कोशिश की, लेकिन किसी को उसकी जानकारी नहीं मिली। बाद में गांव के ही एक युवक ने AI की मदद से पत्र का इटालियन से पंजाबी में अनुवाद किया। तब परिवार को पता चला कि सुखविंदर की मौत हो चुकी है। इसके बाद इटली में रह रहे गांव के अन्य युवकों ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया, जहां से इस खबर की पुष्टि हुई।

15 लाख का कर्ज लेकर बेटे को भेजा था विदेश
परिवार के मुताबिक, सुखविंदर करीब पांच साल पहले बेहतर भविष्य और घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए इटली के ब्रेसिया शहर गया था। उसकी मां ने अपने गहने गिरवी रखकर करीब 15 लाख रुपये का कर्ज लिया था, ताकि बेटे को विदेश भेजा जा सके। परिवार को उम्मीद थी कि सुखविंदर कमाकर घर की हालत बदलेगा, लेकिन दो साल पहले उसकी मां बेटे के लौटने का इंतजार करते हुए ही दुनिया छोड़ गई। सुखविंदर अपनी मां के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो पाया था।

खेती में मजदूरी करता था
इटली में सुखविंदर खेती से जुड़े काम में मजदूर के रूप में कार्यरत था। परिवार ने बताया कि उसने वहां स्थायी निवास (परमानेंट स्टेटस) के लिए भी आवेदन किया हुआ था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह भारत लौटने की तैयारी कर रहा था। उसके परिवार में बुजुर्ग पिता और दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है।

परिवार ने आरोपों पर जताया संदेह
सुखविंदर की छोटी बहन अमनदीप ने बताया कि उनका भाई धार्मिक स्वभाव का था और गांव के गुरुद्वारे में पाठी की सेवा भी करता था। परिवार का कहना है कि उसका व्यवहार बेहद शांत था और लड़कियों से छेड़छाड़ जैसे आरोपों पर उन्हें विश्वास नहीं है। उनका मानना है कि इन आरोपों से वह मानसिक रूप से टूट गया होगा। फिलहाल परिवार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और मौत की वास्तविक वजह सामने आने की मांग कर रहा है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186743