Thu, 30 Jul 2026
Post Details

बेअदबी कानून पर श्री अकाल तख्त सख्त, संशोधन तक कानून को होल्ड करने की सलाह

श्री अकाल तख्त साहिब ने पंजाब सरकार को जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट-2026 में एक महीने के भीतर आवश्यक संशोधन करने का निर्देश दिया है। सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कानून के छह बिंदुओं पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जब तक इन कमियों को दूर नहीं किया जाता, तब तक इस कानून को लागू करने की प्रक्रिया को रोका जाना चाहिए।

सिख मर्यादा से जुड़े फैसले विधानसभा नहीं कर सकती
सुनवाई के दौरान जत्थेदार ने स्पष्ट किया कि बेअदबी करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाए जाने पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि सिख शब्दावली, धार्मिक मर्यादा और पंथ से जुड़े विषयों पर निर्णय लेने का अधिकार विधानसभा के पास नहीं है। ऐसे मामलों में सिख परंपराओं और धार्मिक संस्थाओं की राय को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

विधायकों ने पढ़े बिना कानून का समर्थन करने की बात स्वीकार
सुनवाई के दौरान जत्थेदार ने उपस्थित विधायकों से दो महत्वपूर्ण सवाल पूछे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कुछ विधायकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने विधेयक का पूरा अध्ययन किए बिना ही उसके समर्थन में सहमति दी थी। इस स्वीकारोक्ति के बाद कानून की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े हुए।

सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री के वीडियो भी सुनाए गए
सुनवाई शुरू होने से पहले जत्थेदार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के दो पुराने वीडियो भी सुनवाए। पेशी के लिए आम आदमी पार्टी के सभी सिख मंत्री और विधायक नंगे पैर श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचे और अपना लिखित स्पष्टीकरण सौंपा। इस दौरान कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और निर्दलीय विधायक भी सुनवाई के दौरान मौजूद रहे।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186588